धाकड़ धामी क्या सच में धाकड़ है ?

by | Mar 21, 2026

उत्तराखंड में हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद एक बात और स्पष्ट होकर सामने आई है — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने न सिर्फ जनता का विश्वास अर्जित किया है, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा भी लगातार मजबूत किया है।

“धाकड़ धामी” — यह सिर्फ एक विशेषण नहीं रहा, बल्कि पिछले कुछ वर्षों में यह उत्तराखंड की राजनीति में एक पहचान बन चुका है। यह पहचान किसी प्रचार या छवि निर्माण का परिणाम नहीं, बल्कि लगातार लिए गए फैसलों, समय पर लिए गए निर्णयों और दबाव में भी संतुलन बनाए रखने की क्षमता से बनी है।

मैं यह बात किसी व्यक्तिगत समीकरण के आधार पर नहीं कह रहा, बल्कि एक राजनीतिक दृष्टिकोण से देख रहा हूँ , क्योंकि धामी का कार्यकाल इस बात का उदाहरण है कि किस तरह एक नेता सीमित संसाधनों, आंतरिक चुनौतियों और बाहरी दबावों के बीच भी अपनी पकड़ बनाए रख सकता है।

चुनाव हारने के बाद भी नेतृत्व का विश्वास जीतना और फिर उसे हर परिस्थिति में बनाए रखना, यह अपने आप में एक असाधारण राजनीतिक क्षमता को दर्शाता है।

धामी सरकार के सामने चुनौतियाँ कम नहीं थीं। कभी छोटे मुद्दों को बड़ा बनाकर पेश किया गया। कभी युवाओं के माध्यम से असंतोष को हवा देने की कोशिश हुई, तो कभी अपनों ने ही सवाल खड़े कर माहौल असहज करने का प्रयास किया तो कभी छोटे-छोटे मुद्दों को राष्ट्रीय मीडिया पर बढ़ा चढ़ाकर दिखाया गया। आप सोचते होंगे अपने कौन थे, अपनी के सबके नाम जानता हूँ , कब किसने किस से बैठकी और क्या साज़िश रची वो भी जानता हूँ , लेकिन नाम नहीं लूँगा वरना व्यर्थ का राजनीतिक बवंडर खड़ा हो जाएगा, लेकिन इन सबके बीच धामी जी ने जिस चीज़ को सबसे मजबूती से स्थापित किया, वह है संतुलन।

एक ओर सख्त फैसले लेने की क्षमता,
तो दूसरी ओर संवाद और संवेदनशीलता बनाए रखना, एक ओर राजनीतिक दबावों को साधना, तो दूसरी ओर प्रशासनिक नियंत्रण बनाए रखना…
यही संतुलन उन्हें एक अलग श्रेणी का नेता बनाता है।

शुरुआत में कई लोगों ने उनकी राजनीतिक उम्र तय कर दी थी।
“ज्यादा नहीं टिक पाएंगे”
“ढाई साल में बदलाव हो जाएगा”
लेकिन आज वही नेतृत्व अपने कार्यकाल को मजबूती से पूरा करने की ओर अग्रसर है।

इस दौरान कई ऐसे फैसले और पहलें हुईं, जिन्होंने उत्तराखंड की राजनीति में एक नई दिशा दी। और सबसे बड़ी बात — उन्होंने हर परिस्थिति में अपने नेतृत्व को स्थिर और स्पष्ट रखा।
यह कहना गलत नहीं होगा कि धामी जी की राजनीति में सिर्फ आक्रामकता नहीं है,
बल्कि उसमें परिपक्वता, धैर्य और दूरदृष्टि भी शामिल है।

उत्तराखंड की राजनीति में नेतृत्व आते-जाते रहेंगे,
लेकिन कुछ नेता अपनी कार्यशैली से एक मानक तय कर जाते हैं।

पुष्कर सिंह धामी आज सिर्फ एक नाम नहीं,
बल्कि उत्तराखंड में संतुलित, निर्णायक और आधुनिक नेतृत्व का प्रतीक बन चुके हैं।