पवन सिंह की पावर नहीं निकली जनाब, कुंडा में उनके संस्कार दिखाई दिए!

by | Nov 21, 2026

पवन सिंह की पावर नहीं निकली जनाब, कुंडा में उनके संस्कार दिखाई दिए!

कुछ लोग पवन सिंह के झुकने पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन शायद उन्हें यह समझ नहीं आया कि हर झुकने वाला कमजोर नहीं होता और हर अकड़कर खड़ा रहने वाला ताकतवर नहीं होता।

कुंडा में पवन सिंह के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक में राजा भैया उनके हाथ से माइक लेते दिखाई देते हैं और दूसरे में पवन सिंह धनंजय सिंह के चरण स्पर्श करते नजर आते हैं।

अब कुछ लोग कह रहे हैं कि कुंडा पहुँचते ही पावर स्टार की सारी पावर निकल गई!

अरे भाई, किसी का माइक ले लेना उसकी आवाज छीन लेना नहीं होता और किसी के चरण छू लेना अपनी हैसियत खो देना नहीं होता।

पवन सिंह ने अपनी पहचान किसी राजनीतिक नेता की कृपा से नहीं बनाई। भोजपुरी सिनेमा और संगीत में उन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और प्रशंसकों के प्यार से मुकाम हासिल किया है। उनकी लोकप्रियता किसी माइक की मोहताज नहीं है।

और रही बात धनंजय सिंह के पैर छूने की, तो क्या अब इस देश में किसी का सम्मान करने के लिए उसकी जन्मतिथि और उम्र का प्रमाणपत्र देखना पड़ेगा?

क्या बड़ा भाई केवल वही हो सकता है जो उम्र में बीस साल बड़ा हो?

हमारे यहाँ रिश्तों की ऊँचाई उम्र से नहीं, दिल में बसे सम्मान से तय होती है।

राजा भैया और धनंजय सिंह की अपनी सामाजिक और राजनीतिक पहचान है। पवन सिंह की अपनी लोकप्रियता है। लेकिन इन सबके बीच एक-दूसरे के प्रति आदर दिखाई दे, तो उसमें अपमान ढूँढ़ना कैसी मानसिकता है?

मुझे तो हैरानी इस बात की है कि हम किस दौर में पहुँच गए हैं!

कोई व्यक्ति किसी के पैर छू ले तो उसकी पावर खत्म!

कोई हाथ जोड़ ले तो उसका आत्मविश्वास खत्म!

कोई विनम्र हो जाए तो उसकी हैसियत खत्म!

तो क्या अब ताकतवर कहलाने के लिए इंसान को बदतमीज, अहंकारी और घमंडी होना पड़ेगा?

जिस कुंडा की धरती पर संतों के चरणों में स्वयं राजा भैया जमीन पर बैठ जाते हों, वहाँ पवन सिंह का किसी सम्मानित व्यक्ति के चरण स्पर्श करना उनकी कमजोरी कैसे हो गया?

राजा भैया संतों के चरणों में बैठे तो उनके संस्कार दिखे, और पवन सिंह ने धनंजय सिंह के चरण छुए तो उनकी पावर निकल गई? आखिर ये दोहरा पैमाना क्यों?

असल समस्या पवन सिंह के झुकने में नहीं, बल्कि उस सोच में है जो हर रिश्ते को ताकत और कमजोरी के तराजू में तौलना चाहती है।

याद रखिए—

पावर वह नहीं जो किसी को अपने सामने झुकने पर मजबूर कर दे। असली पावर वह है जिसके पास ऊँचाई पर पहुँचकर भी झुकने का संस्कार बचा रहे।

पवन सिंह को लोग पावर स्टार कहते हैं, लेकिन किसी का सम्मान करने के लिए उन्हें अपनी स्टारडम का प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं।

और हाँ, किसी के चरण छूने से आदमी का कद नहीं घटता, लेकिन उस सम्मान का मजाक उड़ाने से आपकी सोच का कद जरूर दिखाई दे जाता है।

कुंडा में पवन सिंह की पावर निकली या नहीं, यह तो बहस का विषय बना दिया गया है, लेकिन एक बात जरूर है—उस दिन उनकी लोकप्रियता से ज्यादा उनके संस्कार चर्चा में आ गए।