रिया के आंसुओं का हिसाब कौन करेगा ?

by | Mar 29, 2025

सुशांत सिंह राजपूत मामले में 5 साल बाद सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है। इसके साथ ही सुशांत की एक्स गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को क्लीन चिट भी मिल गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच के दौरान रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एजेंसी को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे ये साबित हो कि एक्टर को आत्महत्या करने के लिए रिया ने मजबूर किया। अब इस पर एक्ट्रेस के वकील का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने रिया को बंगाल टाइगर बताया और उन्हें इस केस को मजबूती से लड़ने के लिए सैल्यूट भी किया। बता दें कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर मृत पाए गए थे। जिसके बाद उनकी दोस्त रिया चक्रवर्ती के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर एक तबके ने नफ़रती बयानबाज़ी की थी। पूरी बात बताएं उससे पहले जरा मामले को पूरा समझ लीजिए। सीबीआई ने दो अलग-अलग मामलों की जांच की। पहला मामला सुशांत के पिता केके सिंह की पटना पुलिस से की गई शिकायत के आधार पर है। इस मामले में केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने और उनके खातों से 15 करोड़ रुपये निकालने का आरोप लगाया था। सीबीआई से पहले इस मामले की जांच बिहार पुलिस ने की थी। केके सिंह की शिकायत के आधार पर बिहार पुलिस ने जांच शुरू की थी लेकिन, बाद में जांच की ज़िम्मेदारी सीबीआई को दी गई। जबकि दूसरा मामला रिया चक्रवर्ती ने सुशांत की बहनों के ख़िलाफ़ बांद्रा में दायर किया था। इस मामले में सुशांत की बहनों पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने दिल्ली के एक डॉक्टर के फ़र्ज़ी पर्चे के आधार पर सुशांत सिंह को दवाएं दी थीं। इस मामले में रिया चक्रवर्ती ने आरोप लगाया था कि इन दवाओं के ग़लत सुझाव के पांच दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत की मौत हो गई थी। ये मामला बांद्रा पुलिस ने दर्ज किया था, लेकिन बाद में सीबीआई ने मामले को अपने हाथों में ले लिया और जांच की। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के साढ़े चार सालो के बाद सीबीआई ने कोर्ट को क्लोज़र रिपोर्ट थमा ही दी। जिसकी वजह से उनकी मित्र रही रिया चक्रवर्ती को, जो ख़ुद भी एक एक्ट्रेस रही हैं। लगभग एक महीने तक जेल की सलाखों के पीछे तो रहना ही पड़ा था। बल्कि देश भर के नफ़रतियों और सुशांत की मौत का पॉलिटिकल एडवांटेज लेने वालों की ओर से जिल्लतों का सामना करना पड़ा था। उसे चुड़ैल और डायन जैसे शब्दों से नवाजा गया। देश की मुख्यधारा का मीडिया कितने पूर्वाग्रहों और गैरजिम्मेदाराना ढंग से काम करता है। ये भी आख़िरकार साबित हो गया। अपनी टीआरपी के चक्कर में न्यूज़ चैनलों ने सारी हदें पार कर मामले को सनसनीखेज तो बनाया ही था। साथ ही एक मासूम के कैरेक्टर को तार-तार भी किया था। इस मामले को बाकायदा बिहार बनाम पश्चिम बंगाल तक का रूप दे दिया गया था। सोशल मीडिया पर भी भरपूर ज़हर परोसा गया था। सीबीआई ही नहीं, बल्कि पांच अलग-अलग स्तरों पर मामले की जांच हुई थी। देश की सर्वोच्च जांच एजेंसी को किसी भी तरह की साजिश के कोई साक्ष्य नहीं मिले। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक उसने सुशांत के पिता की शिकायत वाले मामले में पटना की विशेष अदालत के सामने और दूसरे मामले में मुंबई की विशेष अदालत में क्लोज़र रिपोर्ट दाखिल की है। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या मीडिया ट्रायल चलाने वाले अपनी गलती स्वीकारेंगे और खासकर रिया से माफी मांगेंगे। जिस पर एलीगेशन्स की भरमार लगायी गयी और उसकी प्रतिष्ठा को बुरी तरह धूमिल किया गया ? रिया जैसी उभरती हुई कलाकार के खिलाफ जिस तरह से देश भर में गंदे से गंदा माहौल बनाया गया। जिससे उसे भयंकर प्रताड़ना झेलनी पड़ी। रिया के खिलाफ़ मनगढ़ंत आरोप सोशल मीडिया पर हवाई फ़ायर करते रहे।। मेनन्ट्रीम और ज़िम्मेदार मीडिया ने भी एक बेकसूर महिला को न सिर्फ सरेआम अपमानित किया। बल्कि उसके जीवन के सबसे अच्छे समय को बर्बाद कर उसका कैरियर ही तहस नहस कर डाला। क्या यही ज़िम्मेदार मेनस्ट्रीम मीडिया अब रिया चक्रवर्ती से लाइव माफ़ी माँगेगा। रिया को उस बुरे दौर में ट्रोल करने वाला हर वो व्यक्ति और संस्थान हर उस बेटी के गुनहगार हैं जो अपनी आंखों में ऊंचे सपने लेकर फ़िल्म इंडस्ट्री में कुछ करने का सपना देखती हैं। सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद अब माननीय न्यायालय से आस रहेगी की वो रिया को ट्रोल और मीडिया ट्रायल करने वालों की मानसिकता का भी इलाज करे।